यशवंत गंजीर धमतरी। भखारा शराब दुकान परिसर में युवक से चाकू दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों को धमतरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों और एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से नगदी रकम तथा वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू बरामद किया है। वहीं एक अन्य आरोपी की तलाश लगातार जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 25 मई 2026 की रात करीब 8 बजे की है। प्रार्थी अपने बड़े भाई के कहने पर शराब और डीजल खरीदने के लिए 3000 रुपये लेकर भखारा आया था। जब वह भखारा शराब दुकान परिसर पहुंचा, तभी वहां पहले से मौजूद आरोपियों ने उसे रोक लिया और पैसों की मांग करने लगे।
प्रार्थी द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी अंशुमन साहू ने अपने पास रखे धारदार चाकू को युवक के गले पर अड़ा दिया। इसी दौरान आरोपी लोकेश पटेल और विधि से संघर्षरत बालक ने युवक को पकड़ लिया, जबकि एक अन्य आरोपी समीर निर्मलकर ने मारपीट करते हुए युवक के पास रखे 3000 रुपये नकद और रेडमी मोबाइल फोन लूट लिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की शिकायत पर थाना भखारा में अपराध क्रमांक 56/2026 के तहत धारा 309(4) बीएनएस एवं आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में थाना भखारा पुलिस ने तत्काल आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अंशुमन साहू (18 वर्ष) निवासी भखारा, लोकेश पटेल (18 वर्ष) निवासी भखारा तथा एक विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू और नगदी रकम जब्त कर ली है। वहीं फरार आरोपी समीर निर्मलकर की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक को किशोर न्याय बोर्ड धमतरी के समक्ष प्रस्तुत किया, जबकि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

