By- Kuleshwar Kuswaha
बलरामपुर जिले की पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग को 10 नई डायल-112 वाहन उपलब्ध कराई गई हैं। बुधवार को रक्षित केंद्र बलरामपुर परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। नई वाहनों के संचालन से जिले में आपातकालीन सेवाओं की गति बढ़ेगी और लोगों को त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ..
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते शामिल रहीं। उनके साथ वैभव बैंकर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने डायल-112 वाहनों को रवाना किया। इस दौरान कार्यक्रम स्थल पर पुलिस विभाग के अधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही। नई डायल-112 वाहनों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, जिससे पुलिस टीम घटनास्थल तक तेजी से पहुंच सकेगी। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में इन वाहनों की तैनाती की जाएगी ताकि किसी भी आपातकालीन स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराई जा सके।
10 मिनट में सहायता पहुंचाने का लक्ष्य ….
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि डायल-112 सेवा आम नागरिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि जिले में किसी भी प्रकार की आपातकालीन परिस्थिति में नागरिक डायल-112 पर कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकते हैं। नई वाहनों के शुरू होने से पुलिस रिस्पॉन्स टाइम में कमी आएगी और लोगों को करीब 10 मिनट के भीतर सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि दुर्घटना, मारपीट, चोरी, महिला सुरक्षा, सड़क हादसे या किसी अन्य आपातकालीन स्थिति में लोग बिना संकोच डायल-112 सेवा का उपयोग करें। उन्होंने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि संकट की स्थिति में तुरंत 112 डायल करें ताकि पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर सहायता कर सके.।
ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को मिलेगा लाभ …
नई डायल-112 वाहनों के संचालन से जिले के ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी काफी लाभ मिलने की उम्मीद है। कई बार आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता पहुंचने में समय लग जाता था, लेकिन अब नई वाहनों की मदद से पुलिस की पहुंच और तेज होगी। इससे कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ अपराध नियंत्रण में भी मदद मिलेगी। पुलिस विभाग का मानना है कि डायल-112 सेवा के विस्तार से जनता और पुलिस के बीच विश्वास और बेहतर होगा। साथ ही लोगों को सुरक्षा का एहसास भी मिलेगा।
कार्यक्रम में मौजूद रहे कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि …
इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष लोधी राम एक्का, भानु प्रकाश दीक्षित, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत नयन तारा सिंह तोमर, वनमंडलाधिकारी आलोक वाजपेई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी, रक्षित निरीक्षक विमलेश कुमार देवांगन तथा बलरामपुर थाना प्रभारी भापेंद्र साहू सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

