यशवंत गंजीर, धमतरी। धमतरी जिले के नगरीय निकायों में एल्डरमैन की नियुक्ति कर दी गई है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा जारी सूची में जिले के नगर निगम धमतरी सहित नगर पालिका कुरूद और नगर पंचायत मगरलोड, नगरी एवं भखारा के लिए नामों की घोषणा की गई है।
छत्तीसगढ़ में एल्डरमैन नियुक्ति को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार अब समाप्त हो गया है। निकाय चुनावों के बाद से ही विभिन्न नगरीय क्षेत्रों में नियुक्तियों को लेकर चर्चा चल रही थी। सरकार द्वारा सूची जारी किए जाने के बाद इन अटकलों पर विराम लग गया है।
जारी सूची के अनुसार नगर पालिका निगम धमतरी में 8 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। इनमें अशोक सिन्हा, प्राची सोनी, रितिका यादव, अरविंद मुंडी, सीमा चौबे, दिलीप पटेल, विजय सिंह ठाकुर और भागवत यादव शामिल हैं।
नगर पालिका कुरूद में चंद्रकुमार चंद्राकर (नंदू), खिलेश्वर देवांगन, खिलावन यादव, भानु चंद्राकर और महावीर साहू को जिम्मेदारी दी गई है।
नगर पंचायत मगरलोड में दिनेश कुमार अग्रवाल, राजेश कुमार साहू और शांति देवांगन, नगर पंचायत नगरी में प्रतिभा देवांगन, दुर्गा शंकर प्रजापति और गौरव तिवारी तथा नगर पंचायत भखारा में संतोष साहू, किशोर सिंह गौड़ और दिनु निर्मलकर को एल्डरमैन मनोनीत किया गया है।
एल्डरमैन नगर निकायों की बैठकों में शामिल होकर स्थानीय विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रख सकेंगे। इन नियुक्तियों को नगरीय क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि सामाजिक योगदान, संगठनात्मक सक्रियता और स्थानीय स्तर पर जनसंपर्क को ध्यान में रखते हुए नामों का चयन किया गया है। नियुक्तियों के बाद नगरीय विकास कार्यों को गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

