कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र के पटौहा के पास सड़क हादसे में चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मामला कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र के पटौहा पुलिया के पास का है, जहां एक तेज रफ्तार ओमनी वैन ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में ऑटो सवार चार लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत रीठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए आज गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया बताया जा रहा है कि सभी घायल सतना जिले के निवासी हैं, जो कटनी से रैपुरा की ओर रोजगार की तलाश में जा रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।


