Akasa Air Raipur : रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट से हवाई यात्रियों को जल्द ही एक बड़ी सौगात मिलने वाली है। एयर इंडिया और इंडिगो के बाद अब अकासा एयर (Akasa Air) भी रायपुर से अपनी नई फ्लाइट सेवा शुरू करने की तैयारी में है। प्रस्तावित सेवा शुरू होने के बाद रायपुर से मुंबई के लिए उड़ानों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी, जिससे यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी और अधिक विकल्प मिल सकेंगे।
जानकारी के अनुसार वर्तमान में रायपुर से मुंबई के लिए इंडिगो की चार नियमित उड़ानों का संचालन हो रहा है। बढ़ती यात्री संख्या और हवाई यात्रा की मांग को देखते हुए अकासा एयर इस रूट पर अपनी सेवाएं शुरू करने की संभावनाओं का आकलन कर रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि नई फ्लाइट सेवा सितंबर माह से शुरू हो सकती है।
CG News : प्रेमी की शादी तय होने से नाराज नाबालिग मोबाइल टॉवर पर चढ़ी, घंटों चला रेस्क्यू ऑपरेशन
सूत्रों के मुताबिक अकासा एयर के अधिकारी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों की संख्या, यात्रा की मांग और व्यावसायिक संभावनाओं का सर्वे कर रहे हैं। सर्वे रिपोर्ट के आधार पर फ्लाइट संचालन को अंतिम रूप दिया जाएगा। कंपनी फिलहाल एयरपोर्ट पर कार्यालय व्यवस्था, आवश्यक संसाधनों और उड़ान शेड्यूल को लेकर भी तैयारी कर रही है।
ट्रैवल्स कारोबार से जुड़े लोगों का कहना है कि रायपुर से मुंबई रूट पर लगातार यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। व्यापार, उद्योग, शिक्षा और चिकित्सा कारणों से बड़ी संख्या में लोग इस रूट पर यात्रा करते हैं। ऐसे में एक नई एयरलाइन के आने से प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और यात्रियों को किराए तथा समय के लिहाज से अधिक सुविधाएं मिल सकती हैं।
यदि अकासा एयर की सेवा शुरू होती है तो रायपुर एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। इससे न केवल यात्रियों को लाभ मिलेगा बल्कि प्रदेश के व्यापारिक और औद्योगिक विकास को भी नई गति मिल सकती है।
हालांकि अभी तक अकासा एयर की ओर से उड़ान संचालन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। सभी तैयारियां और सर्वे प्रक्रिया पूरी होने के बाद कंपनी द्वारा औपचारिक रूप से नई फ्लाइट सेवा की घोषणा किए जाने की संभावना है। यात्रियों को अब सितंबर में संभावित नई उड़ान सेवा का इंतजार है।

