यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले में यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से प्रशासन ने बुधवार को यात्री वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर परिवहन विभाग, परिवहन उड़नदस्ता और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने ई-रिक्शा एवं ऑटो वाहनों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन संबंधी दस्तावेज तथा यातायात नियमों के पालन की जांच की गई। जांच में कई चालक बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते तथा निर्धारित क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर वाहन संचालित करते पाए गए।
नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 12 ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 23 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। कार्रवाई के दौरान चालकों को वैध ड्राइविंग लाइसेंस एवं आवश्यक दस्तावेज साथ रखने, ओवरलोडिंग से बचने और सभी यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी गई।
संयुक्त अभियान में तहसीलदार धमतरी, जिला परिवहन अधिकारी, परिवहन उड़नदस्ता तथा यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कहा कि आमजन की सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और जिले की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए इस प्रकार के संयुक्त जांच एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

