धमतरी। जिले में अपराधियों के बढ़ते हौसलों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। भखारा थाना क्षेत्र के महावीर चौक में बुधवार देर शाम बाइक मरम्मत के पैसों को लेकर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
मृतक की पहचान अनु निर्मलकर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उनके नाती साहिल निर्मलकर ने कुछ महीने पहले अपने दोस्त की बाइक चलाते समय दुर्घटनाग्रस्त कर दी थी। बाइक की मरम्मत में अधिक खर्च आने के कारण साहिल ने किसी तरह 5 हजार रुपये का इंतजाम कर बाइक मालिक को दिया था, लेकिन शेष रकम को लेकर लगातार विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम अनु निर्मलकर महावीर चौक के पास खड़े थे, तभी बाइक सवार कुछ युवक वहां पहुंचे और पैसों की मांग को लेकर बहस करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि युवकों ने धारदार चाकू निकालकर अनु निर्मलकर के गले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। मामले में सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने बताया कि बाइक मरम्मत के पैसों को लेकर विवाद हुआ था, जिसके दौरान चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने एक संदेही युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

