चंदौली: अलीनगर थाना क्षेत्र के ग्रामसभा लौदा में शुनिवार दोपहर मजदूर कैलाश कुमार की मड़ई में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दोपहर के समय लोग घरों में थे, तभी उठीं तेज लपटों ने देखते ही देखते पूरी मड़ई को चपेट में ले लिया।
शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन आग इतनी विकराल थी कि एक बछड़ा जलकर राख हो गया, जबकि एक भैंस गंभीर रूप से झुलस गई। आग में घर का राशन, कपड़े, बर्तन समेत घरेलू उपयोग का लगभग सारा सामान जलकर नष्ट हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब दो लाख रुपये तक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही अलीनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। ग्रामीणों के अनुसार आग की लपटें काफी तेज और भयावह थीं, जिससे आसपास दहशत का माहौल बन गया।
घटना में सबसे दुखद पशुओं की मौत और झुलसना माना जा रहा है, जिससे पीड़ित परिवार सदमे में है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पीड़ित कैलाश कुमार ने प्रशासन से सहायता की गुहार लगाई है।

