Kuleshwar Kushwaha
बलरामपुर जिले के रघुनाथनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अंग्रेजी शराब की एक बड़ी खेप जब्त की है। 22 अप्रैल को मध्य प्रदेश सीमा पर तुंगवा चेक पोस्ट में वाहनों की सघन जांच के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस को चकमा देकर तस्कर मौके से फरार हो गए।
पुलिस को देखकर तेज रफ्तार में भागी बोलेरो..
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजे बैढ़न (मध्य प्रदेश) की ओर से आ रही सफेद रंग की बोलेरो (क्रमांक CG 15 A 6984) चेक पोस्ट के पास पहुंची। पुलिस की मौजूदगी देखकर चालक ने वाहन की गति अचानक बढ़ा दी और बिना रुके बैरियर तोड़कर भागने की कोशिश की।
पुलिसकर्मियों पर जानलेवा हमला.
बताया जा रहा है कि चालक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को कुचलने की नीयत से गाड़ी चलाई। अचानक हुए इस हमले से बचने के लिए जवानों को कूदकर अपनी जान बचानी पड़ी। इस दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद प्रधान आरक्षक बालवीर लकड़ा ने चौकी बलंगी और थाना रघुनाथनगर को सूचना दी।
झाड़ियों में लावारिस हालत में मिली बोलेरो.
घटना के करीब दो घंटे बाद, दोपहर 12:01 बजे के आसपास रघुनाथनगर क्षेत्र में एक बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास झाड़ियों में वही बोलेरो खड़ी मिली। हालांकि वाहन चालक मौके से फरार हो चुका था और गाड़ी की चाबी भी साथ ले गया था।
तलाशी में मिली भारी मात्रा में अवैध शराब .
पुलिस ने जब बोलेरो की तलाशी ली तो उसमें 209.64 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद हुई। जब्त शराब की कीमत लगभग 2,09,640 रुपये आंकी गई है, जबकि वाहन की कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है।
दो अलग-अलग मामलों में अपराध दर्ज..
इस मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए हैं— हत्या के प्रयास और बैरियर तोड़ने का मामला: प्रधान आरक्षक बालवीर लकड़ा की रिपोर्ट पर चौकी बलंगी में आरोपी चालक के खिलाफ धारा 109, 324(6) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई..
अवैध शराब परिवहन के मामले में थाना रघुनाथनगर में अपराध क्रमांक 38/26 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में भी मामला दर्ज किया गया है।
फरार आरोपी की तलाश जारी ..
फिलहाल पुलिस फरार वाहन चालक और वाहन मालिक की तलाश में जुटी हुई है। आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच और दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सीमा क्षेत्र में बढ़ी सतर्कता
इस घटना के बाद मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश की सीमा से लगे इलाकों में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। चेक पोस्टों पर जांच को और सख्त किया गया है ताकि अवैध शराब तस्करी पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

