चन्दौली । जनपद में अपराधियों के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। हत्या और हत्या के प्रयास जैसे संगीन मामलों में वांछित कुख्यात हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र भारती को गुरुवार /शुक्रवार देर रात पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया गया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल को अलीनगर थाना क्षेत्र में कव्वाली कार्यक्रम से लौट रहे एक परिवार पर धर्मेंद्र भारती और उसके साथियों ने हमला किया था। महिलाओं पर छींटाकशी का विरोध करने पर आरोपियों ने पथराव मारपीट और तमंचे से फायरिंग की थी। इस मामले में हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।
पुलिस ने बताया कि 23 अप्रैल की रात सकलडीहा थाना क्षेत्र के दीनदासपुर गांव में आरोपी की लोकेशन मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी की। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने गोली चलाई और उसे काबू कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध असलहा और कारतूस भी बरामद किए हैं। खास बात यह है कि धर्मेंद्र भारती पर पहले से हत्या, लूट, गैंगस्टर सहित करीब 40 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह पहले भी जेल जा चुका है।
पुलिस ने उसे शरण देने वाले रिश्तेदारों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। इस कार्रवाई को लेकर जनपद में अपराधियों के बीच खौफ का माहौल है।

