धमतरी।धमतरी जिले के भखारा तहसील के ग्राम पचपेड़ी में शनिवार सुबह करीब 11 बजे एक किसान की खड़ी धान की फसल आग की चपेट में आकर पूरी तरह बर्बाद हो गई। कटाई से ठीक पहले हुए इस हादसे ने किसान की सालभर की मेहनत पर पानी फेर दिया। आगजनी में करीब डेढ़ से पौने दो एकड़ तक की फसल जल गई, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
कटाई की तैयारी चल रही थी:
जानकारी के अनुसार, किसान मनीष कुमार साहू (पिता स्व. खेमलाल साहू) शनिवार सुबह अपनी मां उर्वशी साहू के साथ खेत पहुंचे थे। धान की फसल पूरी तरह पक चुकी थी और हार्वेस्टर से कटाई की तैयारी की जा रही थी। सुबह लगभग 10 बजे तक उन्होंने खेत के मेड़ों और किनारों की सफाई की, ताकि मशीन आसानी से चल सके। इसके बाद वे दोपहर का भोजन करने घर चले गए।
खाना खाने घर गये थे, तभी लगी आग:
करीब 11 बजे के आसपास मछलीमार खार (पचपेड़ी-भेलवाकूदा मार्ग) स्थित उनके खेत से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। सूचना मिलते ही किसान और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग तेजी से फैल चुकी थी।

शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका:
ग्रामीणों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खेत के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ। बताया जा रहा है कि तार पर एक पक्षी के बैठने से चिंगारी निकली, जो नीचे सूखी धान की फसल पर गिर गई। तेज धूप और सूखे माहौल के कारण आग ने देखते ही देखते पूरे खेत को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने मिलकर बुझाई आग:
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। नलकूपों से पानी लाकर और पेड़ों की टहनियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया गया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक फसल का बड़ा हिस्सा जलकर राख हो चुका था।
मुआवजे की मांग:
पीड़ित किसान मनीष साहू ने बताया कि इस घटना में उसे करीब एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। कर्ज और मेहनत से तैयार की गई फसल के नष्ट होने से परिवार पर आर्थिक संकट आ गया है। उन्होंने शासन और राजस्व विभाग से नुकसान का सर्वे कर जल्द उचित मुआवजा देने की मांग की है।

