कुरुद। नगर के विकास और सुशासन के इतिहास में 22 मार्च (रविवार) का दिन एक स्वर्णिम अध्याय के रूप में जुड़ने जा रहा है। कुरुद विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर के मुख्य आतिथ्य में नगर को दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं की सौगात मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान जहाँ वन विभाग के नए अनुसंधान एवं विस्तार कार्यालय का शुभारंभ होगा, वहीं नगर पालिका द्वारा निर्मित अत्याधुनिक ‘स्मार्ट लाइब्रेरी’ भी जनता को समर्पित की जाएगी।
नगर पालिका परिषद कुरुद द्वारा तैयार यह स्मार्ट लाइब्रेरी युवाओं के लिए डिजिटल हब के रूप में कार्य करेगी। ई-लर्निंग संसाधनों और शांतिपूर्ण वातावरण से सुसज्जित यह केंद्र प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए मील का पत्थर साबित होगा। दूसरी ओर, वीर सावरकर संकुल में स्थापित सहायक वन संरक्षक कार्यालय क्षेत्र में वैज्ञानिक वानिकी और उन्नत शोध को बढ़ावा देगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण को नई तकनीकी मजबूती मिलेगी।
इस गरिमामयी समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति भानू चंद्राकर, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गौकरण साहू, जनपद अध्यक्ष श्रीमती गीतेश्वरी साहू सहित अन्य प्रमुख जनप्रतिनिधि विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। रायपुर वनमंडलाधिकारी ने समस्त क्षेत्रवासियों को इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने हेतु सादर आमंत्रित किया है।

