अमेठी। पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर फैली अफवाहों के बीच जनपद में गुरुवार को पेट्रोल पंपों पर भारी भीड़ देखने को मिली। हालांकि आधिकारिक जानकारी के अनुसार जिले में कुल 141 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जिनमें से हिंदुस्तान पेट्रोलियम के 36 पंप शामिल हैं।
अफवाह के चलते लोगों ने अचानक बड़ी मात्रा में पेट्रोल-डीजल भरवाना शुरू कर दिया, जिससे कुछ पंपों पर अस्थायी दबाव बन गया। जानकारी के मुताबिक, कुल 8 पेट्रोल पंप ऐसे हैं जहां टोटल टंकी (भंडारण) में पेट्रोल और डीजल खत्म हो गया है। हालांकि यह स्थिति कमी के कारण नहीं, बल्कि अचानक बढ़ी मांग और पैनिक खरीदारी की वजह से उत्पन्न हुई है।
जिले के अन्य अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति सामान्य बनी हुई है और नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से सप्लाई जारी है। पेट्रोल पंप संचालकों का कहना है कि यदि लोग संयम बनाए रखें तो कहीं भी ईंधन की वास्तविक कमी नहीं है।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई पंपों पर दोपहिया वाहनों को सीमित मात्रा में, जैसे 100 रुपये तक का पेट्रोल देने की व्यवस्था लागू की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को ईंधन मिल सके और स्थिति सामान्य बनी रहे।
वहीं, जिलाधिकारी संजय चौहान ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पेट्रोल पंपों पर भीड़ न लगाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनपद में पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है और आपूर्ति में कोई बाधा नहीं है।



