अमेठी। जिले में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान बड़ा विवाद सामने आया है। ककवा रोड पर बिना वैध कागजात मिट्टी ले जा रहे ट्रक को सीज करने के बाद कुछ लोगों द्वारा अधिकारियों को धमकी देने और दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 18 मार्च की रात करीब 11:45 बजे खनन विभाग की टीम ने ट्रक संख्या यूपी 32 एसटी 6101 को रोका। जांच में ट्रक पर करीब 8 घन मीटर साधारण मिट्टी लदी मिली, लेकिन चालक वैध प्रपत्र (ईएमएम-11) या खनन अनुमति से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इस पर टीम ने वाहन को अवैध परिवहन मानते हुए पुलिस अभिरक्षा में दे दिया।

आरोप है कि कार्रवाई के कुछ देर बाद कार से पहुंचे कुछ लोगों ने ट्रक छोड़े जाने के लिए दबाव बनाना शुरू कर दिया। इस दौरान फोन पर एक व्यक्ति से बात कराई गई, जिसने अधिकारियों को गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। बाद में आरोपी थाना कोतवाली अमेठी भी पहुंचे और वहां भी हंगामा करते हुए ट्रक छोड़ने का दबाव बनाया।
इस मामले में अनंत कुमार सिंह, परिवर्तन अधिकारी, क्षेत्रीय कार्यालय अयोध्या (भूतत्व एवं खनिकर्म विभाग) की तहरीर पर पुलिस ने बृजेश कुमार द्विवेदी, लाखन लाल द्विवेदी, करन वर्मा और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा, धमकी और अभद्र व्यवहार सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
थाना प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
