अमेठी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर जनपद अमेठी में महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। मिशन शक्ति अभियान के तहत जिले भर में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता की भावना को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में जनपद के सभी थानों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान पुलिस टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी, जिनमें 1090 वीमेन पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1098 चाइल्ड लाइन, 108 एम्बुलेंस सेवा और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन प्रमुख हैं।
इसके साथ ही थानों में स्थापित महिला हेल्प डेस्क की जानकारी देकर महिलाओं को उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस कर्मियों ने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी और जागरूकता पंपलेट वितरित किए। शासन द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी लोगों को अवगत कराया गया।
इसी क्रम में एंटी रोमियो टीम द्वारा जनपद के चिन्हित हॉटस्पॉट क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर मनचलों और शोहदों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, जिससे छेड़छाड़ और महिला उत्पीड़न की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
नवरात्रि में मिशन शक्ति का असर, अमेठी पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा को किया मजबूत
Leave a comment
