चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के अमिलाई गांव में रविवार सुबह करीब 10:30 बजे बाइक में स्कॉर्पियो से टक्कर के बाद दलित युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के दो युवकों पर जातिसूचक गाली देने और बंदूक की बट से सिर पर वार कर घायल करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद सामने आए एक वायरल वीडियो में एक युवक लोगों के बीच खुलेआम असलहा लहराता दिखाई दे रहा है। इससे मामले ने कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पीड़ित शशिकांत के मुताबिक वह बाइक से बाजार जा रहा था। इसी दौरान आदर्श यादव और अनुराग यादव ने कथित तौर पर UP67S6232 नंबर की स्कॉर्पियो से उसकी बाइक में टक्कर मार दी। आरोप है कि इसके बाद बीच रास्ते में उसे रोककर जातिसूचक गाली-गलौज की गई और मारपीट शुरू कर दी गई। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान बंदूक की बट से उसके सिर पर वार किया गया जिससे वह घायल हो गया।
घटना के दौरान मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। सूचना के बाद पुलिस ने घायल युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है।
इसी बीच घटना से जुड़ा बताया जा रहा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में एक युवक लोगों के बीच खुलेआम असलहा लहराता नजर आ रहा है। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो उसी समय का है जब युवक पर हमला किया गया। हालांकि वीडियो की नहीं हो सकी है
पुलिस शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है


