यशवंत गंजीर, धमतरी। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में कथित प्रेम प्रसंग का एक खूनी अंत देखने को मिला है। यहाँ एक पति ने अपनी पत्नी के साथ संदिग्ध परिस्थिति में पकड़े गए युवक पर कुल्हाड़ी (तंगिया) से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
रंगे हाथ पकड़ने के बाद किया हमला
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती रात की है। आरोपी पति जब अपने घर पहुँचा, तो उसने अपनी पत्नी को एक अन्य युवक के साथ संदिग्ध हालत में रंगे हाथ पकड़ लिया। पत्नी को गैर-मर्दानगी के साथ देख पति अपना आपा खो बैठा और आवेश में आकर घर पर रखी कुल्हाड़ी (तंगिया) से युवक पर जानलेवा हमला कर दिया।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
हमले में युवक बुरी तरह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। आनन-फानन में घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। लेकिन जख्म इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 39 वर्षीय शंकर सूर्यवंशी के रूप में की गई है।
आरोपी पति फरार, पुलिस तलाश में जुटी
घटना को अंजाम देने के बाद से ही आरोपी पति मौके से फरार है। वारदात की सूचना मिलते ही केरेगांव थाना पुलिस मौके पर पहुँची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।

