यशवंत गंजीर, धमतरी। रायपुर के नकटी क्षेत्र में प्रस्तावित विधायक आवास परियोजना के लिए कथित तौर पर प्रभावित परिवारों के विस्थापन का मामला अब धमतरी तक पहुंच गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने गांधी मैदान के पास प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि बरसात के मौसम में गरीब परिवारों को बेघर किया जा रहा है।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारणी नीलम चंद्राकर ने कहा कि नकटी क्षेत्र के करीब 85 प्रभावित परिवारों को पहले वैकल्पिक आवास और पुनर्वास उपलब्ध कराया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीबों के हितों की अनदेखी कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भूमि पर कब्जा अवैध था तो वर्षों तक वहां बिजली, सड़क और अन्य सुविधाएं क्यों उपलब्ध कराई गईं। उनका कहना था कि लोगों ने अपनी जीवनभर की जमा-पूंजी से मकान बनाए हैं, ऐसे में बिना समुचित व्यवस्था के उन्हें हटाना उचित नहीं है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि सभी प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उनका कहना था कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर रायपुर में मुख्यमंत्री निवास का घेराव किया जाएगा और इस मुद्दे को प्रदेशव्यापी जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।
कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि यह केवल नकटी का मामला नहीं है, बल्कि प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से प्रभावित लोगों की समस्याओं को लेकर भी पार्टी आवाज उठाएगी। फिलहाल नकटी विस्थापन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। एक ओर सरकार परियोजना को आगे बढ़ाने की तैयारी में है, वहीं विपक्ष प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को लेकर आंदोलन की रणनीति बना रहा है।

