यशवंत गंजीर,कुरूद। क्षेत्र में किसानों के खेतों को निशाना बनाकर कृषि मोटर पंपों के केबल वायर और स्टार्टर चोरी करने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ग्राम परसवानी और बानगर के किसानों ने इस मामले को लेकर थाना कुरूद में शिकायत दर्ज कराते हुए चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
किसानों ने बताया कि सिंचाई के लिए खेतों में लगाए गए मोटर पंपों से करीब 15 दिन पहले केबल वायर और स्टार्टर चोरी कर लिए गए थे। आर्थिक नुकसान उठाकर किसानों ने दोबारा केबल वायर लगवाए, लेकिन चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि 24 जून को फिर से खेतों में लगे मोटर पंपों को निशाना बनाते हुए केबल वायर चोरी कर लिए गए।
Pulwama Earthquake : जम्मू-कश्मीर हिला, पुलवामा में महसूस हुए भूकंप के झटके
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों में नाराजगी है। किसानों का कहना है कि रात के अंधेरे में खेतों तक पहुंचकर चोर वारदात को अंजाम दे रहे हैं, जिससे न केवल आर्थिक नुकसान हो रहा है बल्कि फसलों की सिंचाई व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने, चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच करने और दोषियों को जल्द पकड़कर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि किसानों के खेतों को चोरों से सुरक्षित किया जा सके।
शिकायतकर्ताओं में ग्राम परसवानी के विनोद चंद्राकर, केवल चंद्राकर, ओमलाल साहू, रूमनलाल साहू तथा ग्राम बानगर के राजेश साहू, कामता साहू, भारत साहू और सुरेश साहू शामिल हैं।

