यशवंत गंजीर, कुरुद। धमतरी जिले में बड़ी रेल लाइन पर यात्री ट्रेन शुरू होने की उम्मीद एक बार फिर बढ़ गई है। रायपुर-धमतरी रेल परियोजना के तहत कुरूद से अभनपुर के बीच तैयार किए गए नए रेलवे ट्रैक पर बुधवार को हाई स्पीड ट्रेन का परीक्षण किया गया। इस दौरान ट्रेन ने 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफलतापूर्वक सफर पूरा किया।
रेलवे की तकनीकी टीम और अधिकारियों की मौजूदगी में हुए इस परीक्षण में ट्रैक की क्षमता, सुरक्षा मानकों और तेज गति से ट्रेन संचालन की संभावनाओं को परखा गया। ट्रेन ने कुरूद से अभनपुर के बीच लगभग 24 किलोमीटर की दूरी करीब 12 मिनट में तय की।
तकनीकी जांच के बाद शुरू हुआ परीक्षण
जानकारी के अनुसार ट्रेन रायपुर से निरीक्षण करते हुए पहले कुरूद रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां जरूरी तकनीकी जांच और औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोपहर 1 बजकर 3 मिनट पर स्पीड ट्रायल शुरू किया गया।
ट्रायल के दौरान रेलवे अधिकारियों ने पटरी की मजबूती, गति के दौरान ट्रेन के संतुलन, जर्क और अन्य तकनीकी पहलुओं का परीक्षण किया। अधिकारियों के मुताबिक निरीक्षण में कोई बड़ी तकनीकी कमी सामने नहीं आई।


रिपोर्ट के बाद होगा संचालन पर फैसला
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि ट्रायल की पूरी रिपोर्ट तैयार कर मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय होगी।
अधिकारियों ने संभावना जताई है कि रायपुर से अभनपुर, कुरूद होते हुए धमतरी तक रेल सेवा इसी साल शुरू हो सकती है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी रेल लाइन की सुविधा मिलने के साथ आवागमन और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि इस मार्ग पर इससे पहले भी ट्रायल किया जा चुका है। लगातार सफल परीक्षणों के बाद धमतरी अंचल के लोगों की वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने के करीब नजर आ रही है।

