यशवंत गंजीर,धमतरी। जिले में गांजा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही पुलिस को उस समय बड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, जब गांजा तस्करी के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी मेडिकल परीक्षण के दौरान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है और आरोपी की तलाश के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिहावा थाना पुलिस ने 10 जून को गांजा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सांकरा-गहनासियार मोड़ के पास घेराबंदी की थी। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा की ओर से एक कार में गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने वाहन क्रमांक MH 27 DT 0319 को रोककर जांच की।
तलाशी के दौरान कार से 18 किलो 600 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने वाहन, मोबाइल फोन तथा अन्य सामग्री सहित कुल 14 लाख 30 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। मामले में रविंद्र दुबे, पलाश गजभिए और सोनू खैरवार को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने से पहले मेडिकल परीक्षण (मुलाहिजा) के लिए नगरी अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान आरोपी पलाश गजभिए पुलिस को चकमा देकर अस्पताल परिसर से फरार हो गया।
आरोपी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र पांडे ने बताया कि सिहावा थाना द्वारा गांजा तस्करी के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था। मेडिकल परीक्षण के दौरान एक आरोपी फरार हो गया है। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी पर तैनात आरक्षक की लापरवाही सामने आई है। आरोपी की तलाश जारी है तथा पूरे मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस अब फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रही है।

