यशवंत गंजीर, धमतरी। धमतरी जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र में देर रात वाहन जांच के दौरान एक युवक और पुलिसकर्मियों के बीच हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना पोटियाडीह ब्रिज के पास स्थापित फिक्स्ड पेट्रोलिंग प्वाइंट की बताई जा रही है, जहां नियमित वाहन चेकिंग के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हो गई।
युवक ने लगाए अभद्रता और मारपीट के आरोप
जानकारी के अनुसार, 4 और 5 जून की दरमियानी रात पुलिस वाहन जांच अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक को रोका गया। युवक का दावा है कि वह अपनी पत्नी और छोटी बच्ची के साथ फिल्म देखकर घर लौट रहा था। युवक ने आरोप लगाया कि जांच के दौरान पुलिसकर्मियों ने उसके साथ अभद्र व्यवहार किया, थप्पड़ मारा और बाइक की चाबी जबरन छीन ली। विवाद बढ़ने पर युवक ने मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग शुरू कर दी। वायरल वीडियो में युवक और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक तथा राहगीरों से मदद की अपील करते दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं पुलिस प्रशासन ने युवक के आरोपों को खारिज किया है। पुलिस के अनुसार बाइक का आगे का नंबर प्लेट क्षतिग्रस्त था, जिसके कारण नियमित जांच के तहत वाहन को रोका गया था। पुलिस का कहना है कि दस्तावेज और पहचान पत्र मांगने पर युवक ने सहयोग करने के बजाय बहस शुरू कर दी। पुलिस का यह भी दावा है कि युवक वीडियो बनाकर पुलिसकर्मियों को उकसाने का प्रयास कर रहा था। जांच के दौरान वाहन संबंधी दस्तावेजों में भी कुछ विसंगतियां सामने आने की बात कही गई है।
सीएसपी ने दिए जांच के निर्देश
मामले को लेकर सीएसपी अभिषेक चतुर्वेदी ने कहा कि वायरल वीडियो और पूरी घटना की जांच की जा रही है। संबंधित पुलिसकर्मियों तथा युवक के पक्ष को भी सुना जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस के अनुसार युवक को आवश्यक दस्तावेजों के साथ थाने में उपस्थित होने की हिदायत देकर उस रात जाने दिया गया था।
संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है पोटियाडीह ब्रिज
स्थानीय लोगों के अनुसार मुजगहन-लोहरसी बाईपास और पोटियाडीह ब्रिज का इलाका सुरक्षा की दृष्टि से संवेदनशील माना जाता है। पूर्व में यहां लूटपाट और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। ऐसे में पुलिस द्वारा नियमित रात्रिकालीन जांच अभियान चलाया जाता है। फिलहाल वायरल वीडियो के बाद यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।

