कुलेश्वर कुशवाहा
बलरामपुर। जिले में अवैध जुआ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेलते हुए एक जनपद सदस्य (सभापति) समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस को लंबे समय से जंगल क्षेत्र में बड़े स्तर पर जुआ खेले जाने की सूचना मिल रही थी।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी …
जानकारी के अनुसार कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि दहेजवार गोठान के पास जंगल क्षेत्र में कुछ लोग बड़े पैमाने पर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस की दबिश के दौरान मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कुछ आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
धमतरी; प्रेम और शादी का झांसा देकर नाबालिग से दुष्कर्म, 19 वर्षीय युवक गिरफ्तार
जनपद सदस्य दीपक गुप्ता सहित दो आरोपी गिरफ्तार …
पुलिस कार्रवाई के दौरान बलरामपुर जनपद पंचायत के सदस्य (सभापति) बताए जा रहे दीपक गुप्ता और रामप्रसाद को मौके से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की पहचान और तलाश में जुटी हुई है।
लाखों रुपये के जुआ की थी चर्चा …
स्थानीय सूत्रों के अनुसार जंगल में चल रहे इस जुआ फड़ में लाखों रुपये के दांव लगाए जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान सीमित नगदी बरामद हुई है, लेकिन फरार हुए कुछ आरोपियों के बारे में आशंका जताई जा रही है कि वे बड़ी रकम लेकर मौके से भाग निकले।
नगदी और मोटरसाइकिल जब्त …
पुलिस ने मौके से करीब 3 हजार रुपये नगद तथा तीन मोटरसाइकिल जब्त की हैं। बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पहले भी विवादों में रहा है नाम …
गिरफ्तार किए गए कथित निर्दलीय जनपद सदस्य दीपक गुप्ता का नाम पूर्व में भी चर्चाओं में रहा है। उन पर भाजपा के सिंबल लेटर के कथित दुरुपयोग का आरोप लग चुका है, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में काफी चर्चा हुई थी। अब जुआ प्रकरण में नाम सामने आने के बाद मामला फिर सुर्खियों में आ गया है।
पुलिस ने कहा— फरार आरोपियों की तलाश जारी …
कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है। वहीं मौके से फरार हुए अन्य लोगों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमों को लगाया गया है। पुलिस का दावा है कि अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।

