चंदौली। एक मामूली घरेलू विवाद ने ऐसा भयावह रूप ले लिया कि एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ गई। धानापुर थाना क्षेत्र के ओड़ौला स्थित ईंट भट्ठे पर काम करने वाले एक मजदूर ने खाना बनाने की बात पर हुए विवाद में अपनी पत्नी की कथित तौर पर पिटाई कर दी जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने घटना के दो दिन के भीतर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार बिहार के गया जिले का रहने वाला विनोद मांझी अपनी पत्नी फुलवा देवी के साथ धानापुर क्षेत्र के एक ईंट भट्ठे पर काम करता था। 4 जून को दोनों के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर विनोद ने पत्नी को जमीन पर पटक दिया और उसके साथ मारपीट की। गंभीर चोट लगने से फुलवा देवी की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था जिससे ईंट भट्ठे पर काम करने वाले मजदूरों में भी दहशत फैल गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए धानापुर पुलिस ने तत्काल हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान धानापुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी विनोद मांझी को ओड़ौला गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया।
यह घटना एक बार फिर घरेलू विवादों में बढ़ती हिंसा और गुस्से के खतरनाक परिणामों को उजागर करती है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

