चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के जोगिया कला गांव में शनिवार अलसुबह एक 32 वर्षीय युवक की कुल्हाड़ी से काटकर निर्मम हत्या किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बेचई के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी भीड़ जुट गई, जबकि परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि बेचई रविवार रात खाना खाने के बाद घर के बाहर बनी झोपड़ी में चारपाई पर सोने चला गया था। शनिवार सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ा मिला। गर्दन और शरीर पर धारदार हथियार से किए गए कई वार के निशान मिलने की चर्चा है, जिससे हत्या की वारदात बेहद निर्मम प्रतीत हो रही है।
घटना की सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हत्यारा वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संभावित आरोपियों की तलाश में टीमों को सक्रिय कर दिया गया है।
दिनदहाड़े नहीं, बल्कि रात के अंधेरे में सो रहे युवक की हत्या ने गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

