यशवंत गंजीर, धमतरी।जिले के अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सिवनीखुर्द से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। एक ही परिवार पर लगातार टूटे दुखों के कारण वहां मातम पसरा हुआ है। परिवार के तीसरे बेटे की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर है।
जहरीले पदार्थ के सेवन से गई जान
जानकारी के अनुसार, सिवनीखुर्द निवासी 33 वर्षीय युवक दानीराम(धनी) ध्रुव ने अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। हालत बिगड़ते देख परिजन उसे तुरंत कुरुद अस्पताल लेकर गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में कई दिनों तक चले इलाज के बाद आखिरकार दानीराम ने दम तोड़ दिया।
भाई की मौत के बाद अवसाद में था दानीराम
परिजनों के मुताबिक, दानीराम पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव और अवसाद से गुजर रहा था। दरअसल, हाल ही में उसके बड़े भाई डगेश्वर ध्रुव, जो शिक्षक के पद पर कार्यरत थे, उनका बीमारी की वजह से निधन हो गया था। बड़े भाई की मौत के बाद से ही दानीराम गहरे सदमे में था।
परिवार ने खोए तीन बेटे
ग्रामीणों ने बताया कि इस परिवार पर पहले भी दुखों का पहाड़ टूट चुका है। वर्षों पहले सुकालूराम के एक और बेटे गोवर्धन ध्रुव की भी असमय मौत हो चुकी थी।
एक-एक कर तीन जवान बेटों को खोने के बाद पिता सुकालूराम और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे के बाद से पूरे सिवनीखुर्द गांव में शोक का माहौल है। आसपास के ग्रामीण और रिश्तेदार पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं।

