यशवंत गंजीर, कुरुद। कुरुद विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में गुरुवार को एक बड़ा उलटफेर हुआ, जिसने स्थानीय गलियारों में हलचल मचा दी है। ग्राम खैरा (कोकड़ी) और भैंसबोड़ के सरपंचों सहित बड़ी संख्या में पंचों ने कांग्रेस और विपक्षी खेमे से दूरी बनाते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। एक ही दिन में दो प्रमुख गांवों के जनप्रतिनिधियों का पाला बदलना क्षेत्रीय राजनीति में भाजपा के बड़े शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।
अजय चंद्राकर के नेतृत्व पर जताया भरोसा
भाजपा प्रवेश कार्यक्रम में शामिल नेताओं ने पूर्व मंत्री एवं कुरुद विधायक अजय चंद्राकर के नेतृत्व, विकास कार्यों और क्षेत्र के लिए उनकी दीर्घकालिक सोच पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि पिछले वर्षों में क्षेत्र में हुए जनहित कार्यों ने उन्हें भाजपा की विचारधारा के करीब लाने का काम किया है।
इन्होंने बदला राजनीतिक पाला
इस दलबदल में ग्राम पंचायत भैंसबोड़ से सरपंच श्रीमती गंगा संत राम साहू के साथ पंच संत राम साहू, ज्योति ध्रुवंशी, यशोदा दीवार और विद्या साहू ने भाजपा की सदस्यता ली। वहीं, ग्राम खैरा (कोकड़ी) की सरपंच श्रीमती योगेश्वरी बाई के नेतृत्व में पंचों की बड़ी टीम भाजपा में शामिल हुई, जिनमें मुख्य रूप से रमाकांत साहू, गोदावरी कंवर, कुमारी बाई कंवर, शैलेंद्र साहू, नीता बाई साहू, रमेश्वरी नवरंगे, जामुन यादव और बलीराम ध्रुव शामिल हैं।
योजनाओं का दिखा असर
महिला जनप्रतिनिधियों ने ‘महतारी वंदन योजना’ को महिलाओं के लिए बड़ी राहत बताते हुए सरकार की सराहना की। स्थानीय विश्लेषकों का मानना है कि दो पंचायतों का एक साथ भाजपा में जाना विपक्षी खेमे के लिए बड़ी चेतावनी और ग्रामीण स्तर पर बदलते राजनीतिक मिजाज का स्पष्ट संकेत है।

