यशवंत गंजीर धमतरी: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पिछले कई महीनों से वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने के कारण बुजुर्ग महिलाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या से नाराज और परेशान बड़ी संख्या में बुजुर्ग महिलाएं कुरूद के पूर्व विधायक लेखराम साहू के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचीं और प्रशासन को अपनी आपबीती सुनाई।
दवाई और राशन के लिए मोहताज हो रहे बुजुर्ग
कलेक्ट्रेट पहुंचीं पीड़ित महिलाओं ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि पेंशन ही उनके जीवनयापन का एकमात्र सहारा है। बढ़ती उम्र के कारण उनके पास आय का कोई दूसरा साधन नहीं है। पेंशन रुकने से वे अपनी बुनियादी जरूरतों जैसे—दवाई, राशन और रोजमर्रा के खर्चों के लिए मोहताज हो गई हैं। कुछ महिलाओं ने बताया कि उन्हें पिछले 13 महीनों से पेंशन की एक भी किस्त नहीं मिली है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
CG NEWS – तहसीलदार-नायब तहसीलदारों की हड़ताल टली, 4 जून से लौटेंगे काम पर
मांग पूरी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
बुजुर्गों की मांग का समर्थन करते हुए पूर्व विधायक साहू ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों को समय पर मिलना चाहिए। उन्होंने जिला प्रशासन से इस गंभीर समस्या का तुरंत निराकरण करने की मांग की है। साहू ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बुजुर्गों को जल्द ही उनकी रुकी हुई पेंशन राशि नहीं मिली, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
प्रशासन का तर्क: ई-केवाईसी और तकनीकी दिक्कतें हैं वजह
महिलाओं की शिकायत सुनने के बाद धमतरी कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने उन्हें जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने का भरोसा दिलाया है। कलेक्टेट प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में पेंशनरों का ई-केवाईसी (e-KYC) और आधार सत्यापन का काम चल रहा है, जिसे पूरा करने की अंतिम तिथि 30 जून तय की गई है।
कलेक्टर ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में बायोमेट्रिक और आधार लिंकेज को लेकर तकनीकी दिक्कतें आ रही हैं, जिसकी वजह से पेंशन ट्रांसफर रुकी हुई है। इन तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए प्रशासन द्वारा विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं ताकि बुजुर्गों को जल्द से जल्द राहत दी जा सके।

