यशवंत गंजीर धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बांसपारा वार्ड से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक 21 वर्षीय नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पत्नी की मौत की खबर मिलते ही पति गहरे सदमे में आ गया और उसने भी उसी फंदे से खुदकुशी करने की कोशिश की। हालांकि, आस-पास के लोगों की मुस्तैदी से उसकी जान बच गई। वर्तमान में पति का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
खिड़की पर लटका मिला शव
मिली जानकारी के अनुसार, रायपुर जिले के परखंदा गांव की रहने वाली दुर्गा यादव (21 वर्ष) का विवाह करीब दो साल पहले धमतरी के बांसपारा वार्ड निवासी पुरुषोत्तम यादव से हुआ था। शनिवार को दुर्गा यादव ने अपने घर की खिड़की पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जब परिजनों ने उसका शव लटकता देखा, तो घर में हड़कंप मच गया।
प्रतिबंधात्मक आदेश के उल्लंघन पर अवैध नलकूप उत्खननकर्ताओं पर रीठी थाना में दर्ज हुई एफआईआर
लोगों की सतर्कता से बची पति की जान
पत्नी की अचानक मौत से पति पुरुषोत्तम यादव इस कदर टूट गया कि उसने भी उसी फंदे पर लटककर अपनी जान देने का प्रयास किया। गनीमत रही कि वहां मौजूद पड़ोसियों और स्थानीय लोगों ने उसे ऐसा करते देख लिया। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उसे तुरंत फंदे से नीचे उतारा और गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार चल रहा है।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, महिला द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती कदम के पीछे किसी गंभीर शारीरिक समस्या (बीमारी) की बात सामने आ रही है।
पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए मामले की हर पहलू से बारीकी से जांच की जा रही है।

