यशवंत गंजीर धमतरी। पुलिस अनुविभाग कुरुद के अंतर्गत आने वाले बिरेझर चौकी के ग्राम मरौद से एक बेहद संदेहास्पद और आक्रोशित करने वाली घटना सामने आई है। यहां स्थित प्राचीन शीतला मंदिर में बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने धावा बोलकर न केवल चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया, बल्कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाते हुए माता की मूर्ति को भी खंडित कर दिया।
शनिवार सुबह जब ग्रामीण और मंदिर के पुजारी हमेशा की तरह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तब इस शर्मनाक घटना का खुलासा हुआ। मंदिर का मुख्य ताला टूटा हुआ था और गर्भगृह से माता की मूर्ति गायब थी। छानबीन करने पर ग्रामीणों के होश उड़ गए; असामाजिक तत्वों ने माता की मूर्ति को बुरी तरह खंडित किया था और उसे मंदिर से बाहर ले जाकर अन्यत्र फेंक दिया था। चोरों ने मूर्ति पर श्रद्धालुओं द्वारा श्रद्धापूर्वक चढ़ाए गए सोने-चांदी के जेवर, कीमती श्रृंगार सामग्री और छत्र पर हाथ साफ कर दिया है।
Indore Honeytrap-2 Case : छत्तीसगढ़ के DIG का नाम सामने, कई राज्यों तक फैला नेटवर्क
हाईटेक FSL और डॉग स्क्वायड के साथ जांच में जुटी पुलिस:
घटना की खबर आग की तरह फैलते ही पूरे मरौद गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में आक्रोशित ग्रामीण मंदिर परिसर में इकट्ठा हो गए। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए बिरेझर चौकी पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची। उधर आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस के आला अधिकारी एडिशनल एसपी, सीएसपी, एसडीओपी, टीआई जिले को हाल ही में मिली नई हाईटेक एफएसएल (FSL) वैन और डॉग स्क्वायड की मदद ले रही है। एक्सपर्ट्स की टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट्स और अन्य अहम वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं।
इस घटना से स्थानीय लोगों में गहरा असंतोष है और उन्होंने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। अब देखना यह होगा कि पुलिस प्रशासन इस संवेदनशील गुत्थी को कितने घंटों में सुलझा पाता है और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजने में यह नई हाईटेक एफएसएल वैन कितनी मददगार साबित होती है।


