चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के विशुनपुरा ग्राम सभा में रास्ते के विवाद को लेकर शुक्रवार को हुई पंचायत के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका जिला चिकित्सालय चंदौली में इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार गांव में रास्ते को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले को सुलझाने के लिए पंचायत बुलाई गई थी। आरोप है कि पंचायत के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया। घायल पक्ष का आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने बुजुर्ग के साथ जमकर मारपीट की, जिससे वह घायल हो गए। घटना के बाद परिजन उन्हें उपचार के लिए जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल पक्ष ने आरोप लगाया कि घटना के लगभग 36 घंटे बीत जाने के बाद भी उनकी शिकायत पर अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। वहीं स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर चर्चा बनी हुई है।
इस संबंध में पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा प्राप्त तहरीर के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

