By -यशवंत गंजीर
धमतरी। जिले में भीषण गर्मी ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार सुबह 10 बजे ही तापमान 45.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिन चढ़ने के साथ हालात और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है। तेज धूप, गर्म हवाओं और उमस भरे मौसम ने लोगों को बेहाल कर दिया है। सुबह से ही सड़कें अपेक्षाकृत सूनी नजर आईं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकलते दिखाई दिए।
मौसम विभाग ने धमतरी सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए हीटवेव अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों तक तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। दोपहर के समय लू चलने की संभावना भी जताई गई है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों को अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और दोपहर में धूप से बचने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने कहा गया है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण बाजारों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर भी सन्नाटा देखने को मिल रहा है।

