जरही/भटगांव। सोनगरा बाजार के समीप उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सड़क किनारे खड़ी एक बोलेरो वाहन में अचानक आग लग गई। घटना सोनगरा के बुंदिया रोड की बताई जा रही है।
मिली जानकारी के अनुसार अंबिकापुर से लौट रहे चंद्रिका नामक युवक ने सोनगरा बाजार में सामान लेने के लिए अपनी बोलेरो वाहन खड़ी की थी। इसी दौरान वाहन से अचानक धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते आग भड़क उठी।
बताया जा रहा है कि बोलेरो के अंदर युवक का 2 वर्षीय मासूम बच्चा मौजूद था। आसपास मौजूद लोगों के हो-हल्ला करने पर पिता तुरंत दौड़कर वाहन तक पहुंचे और किसी तरह बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही भटगांव पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को नियंत्रित करते हुए स्थिति संभाली। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है, हालांकि प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
घटना में वाहन पूरी तरह जल कर ख़ाक हो चुका है, वहीं समय रहते बच्चे को बाहर निकाल लेने से बड़ा हादसा टल गया।

