कटनी जिले के रीठी थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार देखने को मिल रहा है। ताजा मामला रीठी थाना क्षेत्र के सलैया चौकी क्षेत्र के तिघरा रोड का है, जहां शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार फोर व्हीलर वाहन ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके पैर में फैक्चर बताया जा रहा है। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे 25 वर्षीय युवक बाइक से अपने ससुराल जा रहा था। युवक तिघरा रोड से होकर गुजर रहा था, तभी सामने से तेज रफ्तार में आ रहे फोर व्हीलर वाहन ने बाइक को सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे और घायल युवक को सड़क से उठाकर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक जांच में युवक के पैर में गंभीर चोट और फैक्चर की पुष्टि हुई है। डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फोर व्हीलर वाहन काफी तेज रफ्तार में था। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सलैया चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस दुर्घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तिघरा रोड पर अक्सर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। कई बार क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की लापरवाही को लेकर शिकायतें भी की गई हैं, लेकिन इसके बावजूद तेज रफ्तार पर नियंत्रण नहीं लग पा रहा है।

