चंदौली। जनपद के मुगलसराय बाजार स्थित मुख्य मार्ग पर काली मंदिर के सामने पिछले कई दिनों से मल-मूत्र युक्त गंदा पानी सड़क पर बहने से स्थानीय लोगों श्रद्धालुओं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार रेल परिसर स्थित एक यात्री प्रतीक्षालय का गंदा पानी निकासी न होने के कारण सीधे मंदिर के सामने सड़क पर फैल रहा है। दिन-रात बह रहे इस दूषित पानी से क्षेत्र में दुर्गंध फैली हुई है जिससे आने-जाने वाले लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। मंदिर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को भी गंदे पानी के बीच होकर गुजरना पड़ रहा है।
बताया जा रहा है कि समस्या पिछले लगभग पांच दिनों से बनी हुई है लेकिन अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी या विभाग द्वारा इस ओर ध्यान नहीं दिया गया है। सड़क निर्माण कार्य के दौरान नालियों की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था न होने से आमजन में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन एवं संबंधित विभागों से तत्काल नाली की सफाई कर जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संक्रमण और बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
नगरवासियों ने जिला प्रशासन, नगर पालिका तथा रेल अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है ताकि आमजन और श्रद्धालुओं को इस समस्या से राहत मिल सके।

