धमतरी। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही एक कथित तेंदुए की तस्वीर ने कुरुद क्षेत्र में भय का माहौल बना दिया। दावा किया जा रहा था कि मेघा रोड मंदरौद स्थित महानदी पेट्रोल पंप के पास सड़क पर तेंदुआ घूमता दिखाई दिया, जिससे ग्रामीणों और राहगीरों में दहशत फैल गई। हालांकि जांच में यह दावा पूरी तरह फर्जी निकला, जिसके बाद लोगों से अफवाहों से सतर्क रहने की अपील की गई है।
पेट्रोल पंप संचालक ने वायरल फोटो को सिरे से खारिज करते हुए बताया कि पिछले दो दिनों के सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की गई, लेकिन कहीं भी किसी तेंदुए या अन्य वन्यजीव की मौजूदगी नहीं मिली। उनके अनुसार, यह तस्वीर पूरी तरह भ्रामक है और किसी शरारती तत्व द्वारा दहशत फैलाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर प्रसारित की गई है। इस अफवाह के कारण पेट्रोल पंप संचालक को वन विभाग और पुलिस अधिकारियों के लगातार कॉल आ रहे हैं, जिससे वे काफी परेशान हैं।
इस घटना के बाद क्षेत्र के नागरिकों ने पुलिस और साइबर सेल से मांग की है कि फर्जी फोटो वायरल करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि इस तरह की झूठी खबरें न केवल शांति भंग करती हैं, बल्कि अनावश्यक भय भी पैदा करती हैं। प्रशासन ने भी आमजन से अपील की है कि बिना पुष्टि किसी भी संवेदनशील फोटो या वीडियो को शेयर न करें और अफवाहों से दूर रहें।

