चंदौली। चकिया विधानसभा क्षेत्र के गायघाट-अलीपुर भांगड़ा गांव में कथित अवैध खनन प्रकरण और ग्रामीणों पर दर्ज मुकदमों को लेकर समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधिमंडल रविवार 10 मई 2026 को गांव पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने किया।
ग्रामीणों से बातचीत के बाद सपा जिलाध्यक्ष ने जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि गांव में महिलाओं समेत सैकड़ों लोगों को गंभीर धाराओं में नामजद कर उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों का उत्पीड़न नहीं रुका तो समाजवादी पार्टी बड़ा आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि रामनरेश मौर्य अपने खेत से ट्रैक्टर के माध्यम से मिट्टी निकलवा रहे थे जबकि मौके पर महेंद्र राव की जेसीबी किराये पर कार्य कर रही थी। आरोप लगाया गया कि पुरानी रंजिश के चलते पुलिस और वन विभाग द्वारा कार्रवाई की गई। ग्रामीणों का कहना था पुलिस से फर्जी मुकदमा करा कर उन पर समाजवादी पार्टी छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पूरे परिवार को फर्जी मुकदमों में फंसाया गया है तथा धमकियां दी गई हैं। सपा जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर ने कहा कि पार्टी ग्रामीणों के साथ खड़ी है और इस मामले को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन द्वारा निष्पक्ष जांच नहीं कराई गई तो समाजवादी पार्टी आंदोलन का ऐलान करेगी।

