धमतरी | 3 मई 2026। प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ‘सुशासन तिहार-2026’ के तहत धमतरी जिले में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए समाधान शिविरों की श्रृंखला 4 मई से प्रारंभ होगी। 1 मई से 10 जून तक चलने वाले इस अभियान के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिले के चारों विकासखंड—धमतरी, कुरूद, नगरी और मगरलोड—की 24 ग्राम पंचायतों को क्लस्टर के रूप में चिन्हित किया गया है। इन क्लस्टर केंद्रों पर ग्रामीणों की लंबित समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करने के साथ-साथ पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया जाएगा।
अभियान के पहले दिन 4 मई को जनपद पंचायत धमतरी के ग्राम भोयना (21 ग्रामों का क्लस्टर) तथा जनपद पंचायत नगरी के ग्राम कुकरेल (17 ग्रामों का क्लस्टर) में प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक शिविर आयोजित होंगे। इन शिविरों में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी अपेक्षित है।
शहरी क्षेत्रों को भी अभियान में शामिल करते हुए नगर निगम धमतरी के 15 वार्डों के लिए समाधान शिविर लगाए जाएंगे। पहला शिविर देवांगन समाज भवन (नागदेव मंदिर के पास) में आयोजित होगा, जिसमें हटकेशर, शीतलापारा, लालबगीचा और सुभाषनगर वार्ड के नागरिक अपनी समस्याएं रख सकेंगे। इसके अलावा 6 मई को नगर पंचायत मगरलोड-भैसमुड़ी में रामलीला मैदान में भी शिविर आयोजित किया जाएगा।
कलेक्टर के निर्देशानुसार इन शिविरों में राजस्व, पंचायत, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, विद्युत एवं अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे। प्रयास रहेगा कि अधिकतम आवेदनों का निराकरण स्थल पर ही किया जाए तथा शेष मामलों का समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित हो।
यह अभियान प्रशासन को आमजन के द्वार तक पहुंचाने और पारदर्शी एवं जवाबदेह शासन व्यवस्था स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

