धमतरी। बीसीएस पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित दो दिवसीय “युवा फेस्ट-2026” के दूसरे दिन जिले में युवा ऊर्जा, रचनात्मकता और नवाचार का अद्भुत नजारा देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर ने शिरकत कर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
विधायक ने स्टार्टअप, एजुकेशन और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी कार्यशालाओं का अवलोकन किया। साथ ही इतिहास, आर्ट, छत्तीसगढ़ी पारंपरिक पहनावा और श्रृंगार से जुड़े स्टॉलों का निरीक्षण कर विद्यार्थियों की सराहना की। इस अवसर पर पूर्व विधायक रंजना साहू सहित जनप्रतिनिधि, प्राचार्य, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने बताया कि इस वर्ष युवा फेस्ट में लगभग 30 विधाओं में प्रतियोगिताएं और प्रदर्शन आयोजित किए गए हैं। प्रभावी प्रचार-प्रसार के चलते धमतरी सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के पहले दिन भी महाविद्यालय परिसर रंग-बिरंगी गतिविधियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और युवा जोश से सराबोर रहा। एआई, वीडियो एडिटिंग और कैनवा वर्कशॉप के साथ लोक कलाकार आरू साहू की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। खुले मंच ने प्रतिभागियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर दिया।
अपने संबोधन में विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को नई पहचान और दिशा देते हैं। उन्होंने छात्रों से अपने कौशल को लगातार निखारने और देश-प्रदेश के विकास में योगदान देने की अपील की।
युवा फेस्ट-2026 ने जिले में न केवल प्रतिभाओं को मंच दिया, बल्कि एक सकारात्मक और प्रेरणादायी माहौल भी तैयार किया।

