धमतरी, 24 अप्रैल। जिले के युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मकता और कौशल को मंच देने के उद्देश्य से दो दिवसीय ‘युवा फेस्ट 2026’ का शुक्रवार को पीजी कॉलेज परिसर में भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के पहले ही दिन युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था, जहां छत्तीसगढ़ी संस्कृति की रंगत के साथ आधुनिक तकनीक का अनूठा मेल दिखाई दिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन क्षेत्रीय विधायक ओंकार साहू एवं सिहावा विधायक अंबिका मरकाम ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, पूर्व विधायक रंजना साहू सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि यह आयोजन युवाओं को अपनी परंपरा से जोड़ते हुए नई तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित करता है।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के अनुसार, जिले के 26 महाविद्यालयों से लगभग 5000 विद्यार्थियों ने फेस्ट में भाग लिया है। दो दिवसीय इस आयोजन में खेल, साहित्य, संस्कृति और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ी करीब 20 प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें युवाओं की प्रतिभा खुलकर सामने आ रही है।

महोत्सव में लगे फूड स्टॉल्स आकर्षण का केंद्र बने रहे। विद्यार्थियों द्वारा तैयार पारंपरिक व्यंजनों जैसे अरसा, आम गुराम और माड़िया पेज को लोगों ने खूब सराहा। वहीं गर्मी के मौसम में ‘आमपना’ की मांग भी अधिक रही। कलेक्टर ने स्टॉल्स का निरीक्षण कर डिजिटल माध्यम से भुगतान करते हुए युवाओं को कैशलेस लेन-देन के लिए प्रोत्साहित किया।

इस बार फेस्ट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), वीडियो एडिटिंग और कैनवा डिजाइनिंग पर विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया गया, जिसमें विशेषज्ञों ने युवाओं को आधुनिक डिजिटल कौशल और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में पीजी कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग प्रस्तुतियों से माहौल को जीवंत बना दिया। साथ ही इतिहास विभाग की प्रदर्शनी में भारत के गौरवशाली अतीत और छत्तीसगढ़ी लोक जीवन की झलक देखने को मिली।
महोत्सव में जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र सिंह ठाकुर, डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव, प्राचार्य विनोद कुमार पाठक सहित बड़ी संख्या में नागरिक एवं प्राध्यापक उपस्थित रहे। आयोजन का समापन 25 अप्रैल को होगा।

