उत्तर प्रदेश में चन्दौली जिले अलीनगर थाना पुलिस ने मोबाइल टावरों से कीमती उपकरण चोरी करने वाले अन्तर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 5 लाख रुपये कीमत के टावर उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 29 मार्च 2026 को ग्राम सदलपुरा स्थित इंडस टावर से कीमती कार्ड चोरी की घटना सामने आई थी। मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस सर्विलांस व इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में 21 अप्रैल की रात मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गोधना अंडरपास के पास घेराबंदी कर दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष कुमार निवासी मिर्जापुर और कमलेश पटेल निवासी मिर्जापुर के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे विभिन्न मोबाइल टावरों से उपकरण चोरी कर बस के माध्यम से दिल्ली ले जाकर अपने साथियों को बेच देते थे। एक कार्ड करीब 30 हजार रुपये में बेचा जाता था और भुगतान ऑनलाइन व नकद मिलता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन नोकिया टावर उपकरण, दो मोबाइल फोन और 250 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू कर दी है।

