कटनी: बड़वारा थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुड़हरा ग्राम के समीप बुधवार को एक अनियंत्रित ऑटो पलटने से बड़ा हादसा हो गया। इस दुर्घटना में ऑटो सवार दो यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक व्यक्ति को जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान जबलपुर निवासी के रूप में हुई है, जो एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऑटो पोनियां से कटनी मुख्यालय की ओर आ रहा था। जैसे ही ऑटो भटिया-मुड़हरा ग्राम के पास पहुँचा, चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। ऑटो के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर तत्काल 108 एंबुलेंस मौके पर पहुँची। हादसे में दो यात्री चोटिल हुए थे, जिनमें से एक की हालत अत्यंत नाजुक देखते हुए उन्हें फौरन जिला अस्पताल रेफर किया गया। अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण उपरांत भारतपुरी गोस्वामी (50 वर्ष), पिता गणेश पुरी गोस्वामी, निवासी भेड़ाघाट जबलपुर को मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि मृतक भारतपुरी गोस्वामी पोनियां ग्राम में एक रिश्तेदार के यहाँ शादी समारोह में शामिल होने आए थे। बुधवार को वे अपने घर जबलपुर लौटने के लिए कटनी से ट्रेन पकड़ने हेतु ऑटो में सवार हुए थे, लेकिन गंतव्य तक पहुँचने से पहले ही यह हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।
हादसे की सूचना मिलने पर अस्पताल चौकी पुलिस ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

