धमतरी, 20 अप्रैल। जिला साहू संघ धमतरी द्वारा तेलीन शक्ति माता प्रांगण स्थित जिला कार्यालय (साहू समाज भवन) में सोमवार को बैठक आयोजित की गई। बैठक में 21 अप्रैल को मनाई जाने वाली दानवीर भामाशाह जयंती के अवसर पर विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में तय किया गया कि जयंती के उपलक्ष्य में रुद्री स्थित वृद्धा आश्रम में फल वितरण किया जाएगा। साथ ही साहू समाज के युवा संगठन द्वारा यातायात जागरूकता अभियान के तहत हेलमेट वितरण किया जाएगा और पुलिस अधीक्षक कार्यालय से घड़ी चौक तक बाइक रैली निकाली जाएगी।
बैठक में जिला साहू संघ के अध्यक्ष गणेश साहू, पूर्व विधायक कुरूद एवं राष्ट्रीय समन्वयक पिछड़ा वर्ग कांग्रेस नई दिल्ली लेखराम साहू सहित समाज के वरिष्ठ पदाधिकारी, परिक्षेत्र अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में सामाजिक बंधु उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में श्री साहू ने कहा कि मां कर्मा के आशीर्वाद से उन्हें जिला साहू संघ धमतरी के अध्यक्ष पद पर कार्य करने का अवसर मिला, जिसमें उनके कार्यकाल के दौरान स्वास्थ्य शिविरों और समाज सुधार के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए। उन्होंने सभी से अपील की कि दानवीर भामाशाह के आदर्शों पर चलते हुए एकजुट होकर समाज सेवा के कार्यों में भागीदारी निभाएं।
इस दौरान मगरलोड क्षेत्र के ग्राम भैंसमुड़ी निवासी टोमन साहू द्वारा जयंती कार्यक्रम के लिए लगभग 100 किलो पपीता और 40 किलो केला भेंट किया गया। जिला साहू संघ की ओर से उनके इस योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया गया।

