(चंदौली) यू पी में चंदौली के कंदवा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेल्हारा गांव में सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे जमीनी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया, जिसके बाद एक पक्ष ने तमंचे से फायरिंग कर दी।
फायरिंग की इस घटना में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, रामसूरत राम के परिवार पर गोली चलाने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि कुद्दन के परिवार के पांच सदस्यों को गोली लगने की बात सामने आई है।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घायलों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। गांव में तनाव को देखते हुए एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

