कटनी–बीना रेलखंड के रीठी रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को बुनियादी सुविधाओं के लिए जूझना पड़ रहा है। यहां बना सामुदायिक शौचालय लंबे समय से बंद पड़ा है, जिस पर ताला लटका हुआ है।
दूर-दराज से आने वाले यात्रियों, खासकर महिलाओं के लिए यह स्थिति बेहद असुविधाजनक बन गई है। स्टेशन पर घंटों इंतजार करने वाले लोगों को मजबूरन खुले में जाने जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी गरिमा और स्वच्छता दोनों प्रभावित हो रही हैं।
स्थानीय लोगों और यात्रियों का सवाल है कि जब शौचालय का निर्माण कराया गया है, तो उसे उपयोग के लिए क्यों नहीं खोला जा रहा? क्या यह सिर्फ दिखावे के लिए बनाया गया था या इसके रखरखाव की जिम्मेदारी तय नहीं की गई?
रेलवे प्रशासन की इस लापरवाही से साफ है कि यात्रियों की मूलभूत जरूरतों को नजरअंदाज किया जा रहा है। अब जरूरत है कि संबंधित विभाग इस समस्या पर तुरंत ध्यान दे और शौचालय को जल्द से जल्द चालू कर यात्रियों को राहत प्रदान करे।
अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारी कब जागते हैं और यात्रियों को इस समस्या से निजात मिलती है।

