धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले ने श्रमिक कल्याण और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। छत्तीसगढ़ शासन के श्रम विभाग अंतर्गत संचालित छत्तीसगढ़ भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की नौनिहाल छात्रवृत्ति योजना में जिले ने पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले ने निर्धारित लक्ष्य से 400 प्रतिशत से अधिक उपलब्धि दर्ज कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में धमतरी जिले को 12 हजार विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने का लक्ष्य दिया गया था, जिसके विरुद्ध 53 हजार 766 छात्र-छात्राओं को लाभान्वित किया गया। इस दौरान कुल 10 करोड़ 37 लाख रुपये की राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में अंतरित की गई।
योजना के तहत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को कक्षा पहली से लेकर स्नातकोत्तर एवं व्यावसायिक पाठ्यक्रमों तक अध्ययन के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है, जिससे वे बिना आर्थिक बाधा के अपनी शिक्षा जारी रख सकें।
लाभान्वित विद्यार्थियों में नगर निगम धमतरी की प्रिती यादव, जो एम.ए. अंतिम वर्ष में अध्ययनरत हैं, को 6 हजार रुपये तथा ग्राम चटौद (कुरूद) की खिलेश्वरी, बी.ए. अंतिम वर्ष की छात्रा, को 4 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई।
श्रम पदाधिकारी एन. के. साहू ने बताया कि कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देशन में जिले में विशेष जागरूकता अभियान चलाकर श्रमिक परिवारों तक योजना की जानकारी पहुंचाई गई। इसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हुए और उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया गया।
श्रम विभाग के अनुसार निर्माण श्रमिकों का निःशुल्क पंजीयन कर उन्हें विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभ मिल सके।

