CG NEWS : रायपुर। राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित टिंबर मार्केट में बुधवार देर रात भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग पायनियर मार्केटिंग के कैलाश टिंबर गोदाम में भड़की, जिसने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर आसपास के क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।
दमकल की टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। शुरुआत में 6 फायर ब्रिगेड वाहनों को भेजा गया था, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए बाद में 12 से अधिक दमकल गाड़ियों को तैनात किया गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे रहे और सुबह तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा।
CG NEWS : पुलिस की बड़ी कार्रवाई’ IPL सट्टा रैकेट का भंडाफोड़, 20 गिरफ्तार
एम्स से मंगाया गया पानी
आग बुझाने के लिए अतिरिक्त पानी की जरूरत पड़ने पर एम्स अस्पताल परिसर से भी पानी मंगाया गया। लगातार पानी की आपूर्ति कर आग को नियंत्रित करने के प्रयास तेज किए गए।
लाखों का नुकसान, प्लाईवुड जलकर खाक
आग की चपेट में आने से गोदाम में रखा प्लाईवुड और अन्य लकड़ी का सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस हादसे में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के बाद टिंबर मार्केट के आसपास के व्यापारियों में दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस-प्रशासन मौके पर, कारण अज्ञात
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। दमकल और पुलिस की संयुक्त टीम हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। यह पूरा मामला देवेंद्र नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

