धमतरी/बालोद | खेलते-खेलते छत से गिरने की दर्दनाक घटना में एक 7 वर्षीय मासूम की मौत हो गई। हादसे से परिजनों में शोक की लहर है। बच्चा गर्मी की छुट्टियां मनाने अपने चाचा के घर गया हुआ था।
अस्पताल चौकी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रियांशु साहू (7 वर्ष) पिता लीलूराम साहू, ग्राम मडियापार थाना गुंडरदेही का निवासी था और तीसरी कक्षा का छात्र था। वह इन दिनों अपनी बड़ी बहन के साथ बालोद स्थित चाचा घनश्याम साहू के घर गर्मी की छुट्टियां बिताने आया था।
बताया जा रहा है कि सोमवार को प्रियांशु घर की छत पर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए बालोद अस्पताल ले गए और पिता को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पिता भी अस्पताल पहुंच गए।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे धमतरी रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे धमतरी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान सोमवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
पिता के अनुसार, बच्चे की मौत छत से गिरने के कारण आई अंदरूनी चोटों की वजह से हुई। पुलिस ने पंचनामा व पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।

