अमेठी जिले के भाले सुलतान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र से 22 वर्षीय एक युवती के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से परिजनों में हड़कंप मचा हुआ है। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर युवती की तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों के अनुसार युवती 16 मार्च की सुबह करीब 11 बजे घर से यह कहकर निकली थी कि वह अपनी सहेली के घर जन्मदिन कार्यक्रम में शामिल होने जा रही है। परिवार के लोगों को उस समय किसी तरह का शक नहीं हुआ, लेकिन देर शाम तक जब युवती घर वापस नहीं लौटी तो परिजनों की चिंता बढ़ गई।
इसके बाद परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों में युवती की तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। जब परिवार वालों ने युवती की सहेली के घर संपर्क किया तो वहां किसी भी प्रकार के जन्मदिन कार्यक्रम होने से साफ इनकार कर दिया गया। इस बात से मामला और अधिक संदिग्ध हो गया।घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने थाना पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और संभावित स्थानों पर युवती की तलाश जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जल्द ही युवती का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं परिजन बेटी की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं।

