आगरा। राज चौहान हत्याकांड के खुलासे को लेकर ताबड़तोड़ कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान मुठभेड़ में मुख्य आरोपी अरबाज खान उर्फ मंसूरी घायल हुआ, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई।
उल्लेखनीय है कि 23 जनवरी 2026 की रात्रि थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र में राज चौहान नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस संबंध में थाना ट्रांस यमुना पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था। घटना के शीघ्र एवं सफल अनावरण के लिए डीसीपी सिटी के नेतृत्व में कुल 09 पुलिस टीमों का गठन किया गया था।
पुलिस द्वारा मुख्य अभियुक्त अरबाज खान उर्फ मंसूरी, निवासी खंदौली, आगरा को गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को घटना में प्रयुक्त तमंचे की बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान 29 जनवरी 2026 को टेढ़ी बगिया क्षेत्र स्थित कांशीराम आवास के पास अभियुक्त ने उपनिरीक्षक की सरकारी पिस्टल छीनकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू कर दी।
अभियुक्त की फायरिंग में आरक्षी मनोज कुमार एवं उपनिरीक्षक ऋषि घायल हो गए। वहीं उपनिरीक्षक हरेंद्र कुमार, थाना प्रभारी ट्रांस यमुना तथा निरीक्षक भानु प्रताप, थाना प्रभारी कोतवाली की बुलेट प्रूफ जैकेट पर एक-एक गोली लगी।
पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में अभियुक्त अरबाज खान के सीने के बाईं ओर तथा दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां से एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घायल दोनों पुलिसकर्मियों का उपचार जिला अस्पताल आगरा में चल रहा है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त अरबाज खान का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। मामले में विधिक कार्रवाई जारी है।


